शिमला 19 फरवरी : हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवरों में बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने 21, 22 और 23 फरवरी को राज्य में बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी दी है। इसे लेकर मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति व किन्नौर को छोड़कर राज्य के शेष 10 जिलों में आसमानी आफत बरसने की आशंका है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 21 से 23 फरवरी तक राज्य में बादलों के बरसने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में तीन दिन अंधड़ व आसमानी बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह मैदानी इलाकों के लिए 23 फरवरी को अलर्ट रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिक उंचाई वाले इलाकों में 21 से 25 फरवरी तक बर्फबारी होने की उम्मीद है। मैदानी भागों में 24 व मध्यपर्वतीय स्थानों में 25 फरवरी को मौसम साफ हो जाएगा।
मौसम में बदलाव आने से ठंड के फिर जोर पकड़ने के आसार हैं। बीते एक सप्ताह से राज्य में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में तो दिन में हल्की तपिश महसूस की जा रही है।ऊना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि रात के तापमान में अभी भी गिरावट देखी जा रही है।
जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति व किन्नौर का न्यूनतम पारा माइनस में बना हुआ है। लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलंग में बीती रात तापमान -6.6 डिग्री और किन्नौर के कल्पा में -0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान पालमपुर, तिंदर और बंजार में 2-2 मिमी बारिश दर्ज की गई है।