शिमला, 16 फरवरी : हिमाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शिरकत कर सकते हैं। राष्ट्रपति के व्यस्त होने की सूरत में उपराष्ट्रपति एम. वैंकेय्या नायडू या लोकसभा स्पीकर ओम बिरला सत्र में मुख्य अतिथि होंगे। विशेष सत्र दो दिन का होगा। इसका आयोजन जून माह में किया जाएगा। हिमाचल के पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती समारोह के उपलक्ष्य में विशेष सत्र बुलाया जाएगा। स्वर्ण जयंती समारोह को लेकर साल भर 51 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज शिमला में पत्रकारों से बातचीत में ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती समारोह की कड़ी में बुलाए जाने वाले विधानसभा के विशेष सत्र में वर्तमान व पूर्व विधायक सम्मिलत होंगे। कहा कि शिमला स्थित विधानसभा परिसर के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इसका आयोजन राजधानी में ही होगा। इसमें 1 दिन विधान सभा परिसर और दूसरे दिन होटल पीटरहॉफ में इसका आयोजन किया जाएगा। कहा कि विधान सभा नियमावली के कारण मौजूदा विधायक ही कार्यवाही में बोल सकते हैं। ऐसे में 1 दिन होटल पीटरहॉफ में कार्यक्रम रखा जाएगा, ताकि विधानसभा के सदस्य रहे पूर्व विधायक भी अपने अनुभवों को साझा कर सके।
इसी तरह 2 दिन मौजूदा एवं पूर्व विधायक हिमाचल प्रदेश के 50 साल के सफर पर अपने विचार प्रकट करेंगे। इसमें विधानसभा के कामकाज में आए परिवर्तन पर का भी उल्लेख किया जाएगा।