शिमला, 12 फरवरी : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से लेकर पंजाब और हरियाणा में शुक्रवार रात को भूकंप के झटके महसूस किए गए। शिमला में रात 10:34 बजे कुछ सेकंड के लिए जमीन हिली, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हिमाचल के अलग-अलग हिस्सों से भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आये। हालांकि भूकम्प से शिमला व आसपास के इलाकों में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। जानकारी अनुसार उत्तर भारत के कई इलाकों में भूकंप के झटके लगे।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह के अनुसार भूकम्प की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 6.1 मापी गई और इसका केंद्र पंजाब के अमृतसर में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे रहा। मनमोहन सिंह ने कहा कि हरियाणा के कुरुक्षेत्र में उन्होंने खुद भूकम्प के झटके महसूस किए।
इस बीच भूकम्प की तीव्रता अधिक होना चिंता की बात है। उत्तर भारत में कई सालों बाद इतनी तीव्रता का भूकम्प आया है। गौर हो कि हिमाचल प्रदेश को भूकम्प की दृष्टि से अति संवेदनशील जोन 4 व 5 में शामिल किया गया है। यहां कई वर्षों से भूकम्प के हल्के झटके महसूस किए जाते रहे हैं। सन 1905 में कांगड़ा व चम्बा जिलों में आये विनाशकारी भूकंप से 10 हज़ार से अधिक लोग मारे गए थे।