मंडी, 12 फरवरी : शहर को नगर निगम बनाने के लिए जिन ग्रामीण क्षेत्रों को इसमें शामिल किया था। वहां पर सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं मुहैया करवाना शुरू कर दिया है। शहर के साथ लगते भ्यूली और बिजनी क्षेत्रों के लिए 5 करोड़ 61 लाख की लागत से सिवरेज सुविधा प्रदान की जा रही है। इस योजना का आज द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर ने विधिवत रूप से शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि भ्यूली और बिजनी क्षेत्र के दो हजार परिवारों को जल्द ही सिवरेज सुविधा के साथ जोड़ दिया जाएगा।
जवाहर ठाकुर ने बताया कि इस कार्य को आगामी डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भ्यूली और बिजनी शहर के साथ लगते हैं और द्रंग विधानसभा क्षेत्र का एक अहम हिस्सा हैं। इन क्षेत्रों को सरकार ने हाल ही में नगर निगम में शामिल किया है। यहां सरकार अब सुविधाएं मुहैया करवाने पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। क्षेत्र के लोगों को विश्वास दिलाया कि शहरी तर्ज पर मिलने वाली हर सुविधा का यहां के बाशिंदों को लाभ पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर जिला भाजपा के अध्यक्ष रणवीर सिंह, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता ई. विवेक हाजरी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।