चंबा, 9 फरवरी : विकास खंड चंबा के तहत ग्राम पंचायत भनौता स्थित सली पनिहारे के समीप झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यह मामला सोमवार को प्रकाश में आया।
जानकारी के मुताबिक दो स्थानीय महिलाएं खेतों में काम करने के लिए जा रही थी। जब वे सली पनिहारे के समीप पहुंचे तो उनकी नजर झाड़ियों में गई तो पाया कि एक नवजात शिशु का झाड़ी में पड़ा हुआ है। नज़दीक जाने पर उसमें कोई भी हलचल नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने अन्य ग्रामीणों को इस बारे में बताया। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना पंचायत प्रधान व वार्ड सदस्य को दी गई।
सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान व वार्ड सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। कुछ ही देर में पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। नवजात बच्चे के शव को कब्ज़े में लिया। मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाया। प्रधान तथा वार्ड सदस्य की देखरेख में शव को दफना दिया। पुलिस द्वारा लोगों के बयान भी कलमबद्ध किए तथा मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस इस बात को जानने का प्रयास कर रही है कि किसने यहां पर नवजात का शव फेंका है।