सुंदरनगर, 4 फरवरी : मंडी जिला के सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। क्षेत्र के दुर्गम इलाकों बटवाड़ा, जरल सहित बायला, सलापड़, ध्वाल और खुराहल से पंचायती राज चुनावों में जीत दर्ज करने वाले कांग्रेस पार्टी से संबंधित प्रत्याशी अपने सैंकड़ों समर्थकों सहित सोहन लाल ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की।
इस मौके पर सोहन लाल ठाकुर भाजपा पर काफी अधिक आक्रामक दिखे और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस के पक्ष में मतदाताओं द्वारा मतदान करना बताया गया। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार की पिछले 3 वर्ष की नाकामियों को देखते हुए जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है। कांग्रेस समर्थित पंचायत समिति सदस्यों के जीतने के बाद भारतीय जनता पार्टी के लोगों द्वारा उन्हें अगवा कर लिया गया और वह लोग चुनाव जीतने के 8 दिनों बाद घर पहुंच पाए हैं।
विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने पंचायती राज चुनाव जीतने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाए हैं। लेकिन भाजपा इन हथकंडों को अपनाकर भी बहुमत साबित नहीं कर पाई है। सोहन ठाकुर ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने दबाव की राजनीति कर पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद पर कब्ज़ा किया है। उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस जीत का परचम लहराकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।