शिमला, 28 जनवरी : हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठतम नेता वीरभद्र सिंह ने अगला चुनाव न लड़ने व सक्रिय राजनीति से सन्यास लेने के एलान के चंद घंटों बाद गुरुवार को यू-टर्न लिया है। कांग्रेस के 86 वर्षीय वयोवृद्ध नेता वीरभद्र सिंह ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र अर्की के कुनिहार में दावा किया कि वह अब कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। वर्तमान में वीरभद्र सिंह अर्की से बतौर कांग्रेस विधायक काबिज हैं।
वीरभद्र सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया है कि उन्होंने चुनाव न लड़ने को लेकर हल्का-फुल्का व्यंग किया था, जिसे मीडिया ने गंभीरता से ले लिया। वीरभद्र सिंह ने पोस्ट कर यह स्पष्ट किया है कि उनका चुनाव लड़ना या न लड़ना भविष्य के गर्भ में छिपा है। जो सक्रिय राजनीति में है उन्हें एक ना एक दिन रिटायरमेंट लेनी है यह एक सत्य हैं, लेकिन कब लेनी है, यह प्रदेश की जनता और उस समय की राजनीतिक परिस्थितियां तय करेगी।
वीरभद्र सिंह ने आगे पोस्ट किया है कि प्रदेश के लोगों ने मुझे हमेशा बहुत प्यार और मान सम्मान दिया हैं और छह बार प्रदेश का मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर प्राप्त करवाया हैं। लिहाजा राजनीति से सन्यास के विषय को वह भविष्य की राजनीतिक गतिविधियों पर छोड़ता हूं। वीरभद्र सिंह ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए वह पूरे जोश के साथ लोगों के बीच आ-जा रहे हैं। ऐसे में इस तथ्य को गंभीरता से ना लिया जाए, जब तक मां भीमाकाली चाहेगी, तब तक वह प्रदेश की सेवा करते रहेंगे।