शिमला, 25 जनवरी : विख्यात पर्यटन स्थल नारकंडा में सोमवार देर शाम पर्यटकों की एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में 5 पर्यटक सवार थे। हादसे में युवती समेत 3 लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं दो अन्य गम्भीर रूप से जख्मी हुए। दोनों को आईजीएमसी रैफर किया गया है। हादसे का शिकार हुए ये सभी लोग दिल्ली के रहने वाले हैं और गुड़गांव में निजी कंपनी में कार्यरत थे। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय ईशांक शर्मा, 26 वर्षीय गौरव और 26 वर्षीय रश्मि शर्मा के रूप में हुई है। घायलों में यमिन्नौर रितिका शामिल हैं। कार को ईशांक शर्मा चला रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये सभी दिल्ली से आने के बाद शिमला के एक होटल में ठहरे थे। पिछले कल नारकंडा घूमने के पश्चात वे शिमला लौट रहे थे कि नारकंडा से आधा किलोमीटर आगे डोगरा सब्जी मंडी के पास इनकी कार (DL- 10CB-8018) करीब 250 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। पुलिस को जब हादसे की सूचना मिली, तो तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू किया गया। 3 लोग घटनास्थल पर मृत मिले। दो को घायल अवस्था में रेस्कयू किया गया।
डीएसपी रामपुर चन्द्रशेखर ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शवो का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। दो घायल आईजीएमसी में उपचाराधीन हैं और इनकी हालत खतरे से बाहर है। कुमारसेन पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।