ऊना, 23 जनवरी : भाजपा कार्यालय के बाहर शनिवार सुबह जमकर हंगामा बरपा। नगर परिषद ऊना के वार्ड नंबर 6 से छठी बार चुनाव जीते भाजपा समर्थित विनोद कुमार पूरी के समर्थन में शहर का ही एक भाजपा कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर धरने पर आ बैठा। धरना देने वाले ऊना शहर निवासी अश्विनी कुमार का आरोप है कि नगर परिषद में 6 बार जीत दर्ज करने वाले विनोद कुमार पूरी को साजिश के चलते उपाध्यक्ष नहीं बनाया गया।
वहीँ इस दौरान भाजपा कार्यालय के बाहर धरने की खबर मिलते ही भाजपा के नेता मौके पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे अश्विनी कुमार को खरी-खोटी सुनाकर वहां से खदेड़ दिया। इतना नहीं पार्टी के एक वरिष्ठ नेता पवन ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने भी अश्विनी कुमार का समर्थन करते हुए भाजपा पर कार्यकर्ताओं का सम्मान न करने का आरोप जड़ डाला। पवन ठाकुर ने भी भाजपा नेताओं को कार्यकर्ताओं के अपमान को लेकर खरी-खोटी सुनाई। पूरे घटनाक्रम के दौरान जिला मुख्यालय के रोटरी चौक पर स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर जमकर गहमा गहमी हुई। जिसके चलते सैकड़ों लोग वहां तमाशा देखने डटे रहे।