नाहन, 11 जनवरी : प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव में भाजपा को मिला बहुमत सरकार की तीन वर्षों के दौरान जनहित में किए गए विकास कार्यों का नतीजा है। अब पंचायतीराज चुनाव में भी भाजपा जीत का परचम लहराएगी।
सोमवार को नाहन में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश की 29 नगर परिषद में से 24 पर भाजपा भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने कब्जा जमाया है। इसके अलावा 21 नगर पंचायतों में से 18 पर भी भाजपा के प्रत्याशी काबिज हुए है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 102 पंचायतों और 54 बीडीसी में निर्विरोध चुनकर आए जनप्रतिनिधि भी भाजपा समर्थित हैं।
सुरेश कश्यप ने कहा कि मिशन रिपीट 2022 के लिए बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक पार्टी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मेहनत कर रहे हैं। वह मिशन रिपीट के लक्ष्य को लेकर ही आगे बढ़ रहे हैं। 2022 में मिशन रिपीट के तहत भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि 17, 19 व 21 जनवरी को होने वाले पंचायती राज के चुनाव में भी भारी संख्या में भाजपा के नुमाइंदे जीतकर आएंगे।
एक सवाल के जवाब में सुरेश कश्यप ने कहा कि कई नगर परिषदों में भाजपा सदस्यों के साथ निर्दलीय भाजपा विचारधारा के लोग ही जीत कर आए हैं। पांवटा साहिब और परवाणू नगर परिषद में भाजपा की काबिज होगी। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था में सुधार करने और श्रीरेणुकाजी डैम का कार्य जल्द शुरू करवाने के लिए मुख्यमंत्री से बात की जाएगी। सुरेश कश्यप ने कहा कि नगर निकाय की जीत के साथ ही आगामी पंचायत चुनाव के जिला परिषद पर भी प्रदेश भर में भाजपा का ही कब्जा होगा।