बिलासपुर, 12 दिसंबर : सदर के साथ लगती बामटा पंचायत में शनिवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे एक तेंदुआ घूमता हुआ देखा गया। तेंदुआ बामटा के सिद्ध मंदिर के पास घूम रहा था। तेंदुए को इस प्रकार दिन दिहाड़े घूमता हुआ देखकर वहां पर रहने वाले लोग सहम गए। लोगो ने तुरन्त इसकी सूचना वन विभाग, पुलिस, पशु पालन विभाग व बामटा पंचायत प्रधान को दी। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ रेंग कर चल रहा था और बार-बार एक ही स्थान पर घूम रहा था। जिससे ऐसा लग रहा था कि वह घायल है।
सूचना मिलते ही वन विभाग के डी.एफ.ओ. अपनी टीम के साथ, पुलिस विभाग व पशु पालन विभाग से सभी मौके पर पहुंचे। पशु पालन विभाग की टीम ने तेंदुए को बेहोश किया। बेहोशी की हालत में उसे उपमंडलीय पशु चिकित्सालय चांदपुर ले जाया गया। उसका चेकअप करने के बाद वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि तेंदुए की पिछली टांगों में चलने मे समस्या है। उसकी पिछली टांगों के मांस व हड्डियों में कुछ अंदरूनी चोटें पाई गईं है, इसलिए तेंदुए का उपचार किया। पशु चिकित्सक के मुताबिक तेंदुआ अभी तक चलने-फिरने की हालत में नहीं है। इसी कारण वह रेंग कर चल रहा था। जिस कारण उसे जंगल में नहीं छोड़ा जा सकता है।
पशु पालन विभाग ने तेंदुए को डी.एफ.ओ. की अगुवाई वाली टीम के हवाले कर दिया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पिंजरे में डालकर शिमला के टूटीकंडी में वन विभाग के रैस्क्यू एंड रिहेबिलिटेशन सैंटर भेज दिया है।