हमीरपुर, 10 दिसंबर: पीएससी जंगल बेरी में डॉक्टर के तबादले को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद सरकार ने स्थानांतरण के आदेश रद्द कर दिए हैं। वहां के ग्रामीणों में रोष था कि कार्यरत डॉ. अपनी सेवाएं बखूबी से निभा रहे है लेकिन इसके बावजूद बिना वजह से उनके तबादले के आदेश कर दिए गए। सुजानपुर उपमंडल के तहत गत दिनों पीएससी जंगल वेरी अस्पताल से वहां कार्यरत चिकित्सक सुरेंद्र डोगरा का तबादला कर दिया गया था। जिस पर वहां की साथ लगती पंचायतों के जन प्रतिनिधि व भाजपा पदाधिकारियों के साथ स्थानीय जनता ने अस्पताल के बाहर इकट्ठा होकर विरोध जताकर प्रदर्शन किया था।
जिस पर एसडीएम तथा बीएमओ भी मौके पर पहुंचे थे तब जाकर विरोध प्रदर्शन शांत हुआ था। स्थानीय जनता द्वारा 15 दिन के भीतर डॉक्टर को रिलीव ना करने के साथ तबादला रद्द करने की मांग उठाई थी। इसके साथ ही चक्का जाम करने की भी चेतावनी दी थी। गत दिवस डॉक्टर डोगरा के स्थानांतरण रद्द करने के आदेश पहुंच गए। उधर संबंधित डॉक्टर ने इस बात की पुष्टि की है।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी किया था सम्मानित
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने डॉक्टर सुरेंद्र डोगरा की कोरोना कॉल के दौरान जनता को सेवाएं देने पर उन्हें और उनकी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था। लेकिन उसके अगले ही दिन डॉक्टर डोगरा का तबादला अन्यत्र कर दिया गया था। जिसके चलते स्थानीय जनता ने विरोध जताकर रोष प्रकट किया था। तथा तबादले आदेश को तुरंत निरस्त करने की मांग सरकार से की थी। ऐसा ना करने पर उन्होंने चक्का जाम करने की बात भी कही थी। अब जनता की मांग पर डॉक्टर डोगरा का तबादला आदेश रद्द कर दिया गया। जिसको लेकर स्थानीय जनता ने खुशी जताई है।