रोनहाट, 05 दिसंबर : नागरिक उपमण्डल शिलाई में झकांडों पंचायत के कुफोटी गांव से 22 दिनों के नवजात बच्चे (Infant) की मां (Mother) के अचानक घर से लापता(Missing) होने का हैरतअंगेज़ मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 नवंबर को दोपहर के समय लापता महिला के ससुराल में परिवार के सभी लोग जंगल में लकड़ियां लेने गए थे। उस दौरान पिंकी अपने नवजात शिशु के साथ घर में अकेली थी। पिंकी का पति भी उसी सुबह शिमला की तरफ दिहाड़ी-मजदूरी करने के लिए गया था। दोपहर बाद जब परिवार के लोग जंगल से लकड़ियां लेकर वापिस घर लौटे तो देखा कि पिंकी अपने नवजात को घर में अकेला छोड़ कर कहीं चली गई थी।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब पिंकी वापिस नही लौटी तो परिवार के लोगों द्वारा गांव वालों के साथ मिलकर आसपास के सभी इलाकों में उसकी तलाश की गई। रिश्तेदारों से भी टेलीफ़ोन(Telephone) के माध्यम से पिंकी के बारे में पता किया गया मगर उसका कोई सुराग नही मिला। जिसके बाद ससुराल वालों की तरफ से पुलिस में पिंकी के लापता होने की सूचना दर्ज करवाई गई।
22 दिनों के नवजात की माँ के लापता होने के बाद अब करीब 12 दिन बीत चुके है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ पुलिस भी तलाश में जुटी हुई है। मगर लापता पिंकी का अब तक कोई पता नही लग पाया है। पिंकी का मायका शिमला ज़िला के चौपाल उपमण्डल के हलाऊ क्षेत्र से है। उसके लापता होने की खबर के बाद पिंकी के माता-पिता और भाई-बहन के साथ सभी रिश्तेदार भी उसे ढूंढने में लगे हुए है।
आप भी 22 दिनों के नवजात को उसकी मां तक पहुँचाने में मददगार बन सकते है। अगर तस्वीर में दिखाई गई महिला आपको कहीं पर भी दिखे तो पुलिस चौकी रोनहाट के दूरभाष नम्बर 7018989452 पर जानकारी दे सकते है। जानकारी सांझा करने वाले व्यक्ति कि अनुमति के बगैर उसकी पहचान को सार्वजनिक नहीं किया जाएगा।
शिलाई पुलिस थाना के प्रभारी मस्त राम ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता महिला की तलाश की जा रही है। सभी पुलिस स्टेशन और अन्य स्थानों में भी उनकी तस्वीर और जानकारी भेजी गई है। जल्द ही उनको ढूंढ लिया जाएगा।