मंडी, 09 नवंबर : नगर परिषद मंडी को नगर निगम का दर्जा मिलने से विकास और सुविधाओं का दायरा बढ़ेगा। यह बात नगर निगम मंडी के पहले कमीशनर के रूप में अपना कार्यभार संभालने के बाद वरिष्ठ एचएएस अधिकारी राजीव कुमार ने मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान कही। बता दें कि नगर निगम की अधिसूचना जारी होने के बाद राज्य सरकार ने राजीव कुमार को नगर निगम मंडी का पहला कमीशनर नियुक्त किया है।
आज उन्होंने विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। राजीव कुमार ने कहा कि जो ग्रामीण क्षेत्र नगर निगम में शामिल हुए हैं। उनके विकास पर अधिक ध्यान दिया जाएगा। इन क्षेत्रों को विकास के लिहाज में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडी नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा मिलना शहर वासियों के लिए बड़ी उपलब्धि से कम नहीं। क्योंकि नगर निगम का दर्जा मिलने से जहां विकास कार्यों में बढ़ोतरी होगी। वहीं सुविधाओं में भी ईजाफा होगा। उन्होंने कहा कि शहर वासियों के तालमेल से विकास की नई गाथा लिखने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर नगर परिषद मंडी की अध्यक्षा सुमन ठाकुर और उपाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा सहित सभी पार्षद और नगर परिषद के कर्मचारी भी मौजूद रहे। बता दें कि वरिष्ठ एचएएस अधिकारी राजीव कुमार इससे पहले एडीएम मंडी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में इनके पास क्लस्टर यूनिवर्सिटी मंडी के रजिस्ट्रार का दायित्व भी है।