मंडी, 28 अक्तूबर : आज भारतीय मजदूर संघ की देशव्यापी घरना प्रदर्शन की काल के चलते मंडी में भी भारतीय मजदूर संघ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। मंडी शहर में बीएमएस के बैनर तले अन्य मजदूर संगठनों ने इकट्ठा होकर श्रम कानूनों में बदलाव के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूर संगठनों ने शहर में एक रैली निकाली और केन्द्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश प्रभारी अशोक पराशर ने कहा कि केन्द्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों खिलाफ आज काला दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केन्द्र की सरकार ने वर्षों से श्रमिकों के हितों में बनाया कानूनों को समाप्त कर दिया है। जिसके बदले में मात्र चार नए कानून बना दिए गए हैं जो बिल्कुल भी मजदूरों के हितों में नहीं है।
उन्होंने जिला प्रशासन के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री को भेजे मांगपत्र में श्रम विरोधी कानूनों को वापिस लेने की सरकार से गुहार लगाई है। अशोक पराशर ने कहा कि यदि मांगे नहीं मानी गई तो आने वाले समय में मजदूर विरोधी कानूनों के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार को संघ ने मज़दूरों और श्रमिकों व कर्मचारियों के हितों से संबंधित एक 28 सूत्रिय मांग पत्र भेजा था, लेकिन उसपर गौर करने में भी प्रदेश सरकार अपनी इच्छा नहीं जाहिर कर रही है। उन्होंनें प्रदेश सरकार से संघ की प्रदेश स्तर की टीम के साथ वार्ता करने की पुरजोर मांग भी उठाई है।