ऊना, 11 अक्तूबर : ऊना से नई दिल्ली के बीच चलने वाली जन शताब्दी रेल सेवा को 14 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया गया है। किसान आंदोलन के चलते यह ट्रेन पिछले कुछ समय से चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच चल रही थी। लेकिन कुछ ही समय बाद चंडीगढ़ से आगे पंजाब में पड़ते क्षेत्र के बीच किसानों द्वारा रेल रोको आंदोलन शुरू करने के बाद इस रेल सेवा को अंबाला तक सीमित कर दिया गया।
पिछले कुछ दिनों से यह रेल सेवा अंबाला से नई दिल्ली के बीच चल रही है। इससे पूर्व रेल सेवा को 11 अक्टूबर तक स्थगित करने का फैसला लिया गया था। लेकिन रविवार को भी हालात सामान्य न होने के चलते इस ट्रेन सेवा को अब 14 अक्टूबर तक अंबाला तक ही सीमित रखा जाएगा। जबकि इसके ऊना से स्थगन के आदेश को 14 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है। ऊना के स्टेशन अधीक्षक बीएस चौहान ने बताया कि जन शताब्दी ट्रेन सेवा को 14 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया गया है। आगामी आदेश 14 अक्टूबर बाद दोपहर तक आने की उम्मीद है।