रोनहाट 02 अक्तूबर : खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष और शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर ने शुक्रवार को रोनहाट का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोकनिर्माण विभाग के रोनहाट रेस्ट हॉउस में जन समस्याएं सुनी और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके आगामी पंचायती चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याक्षियों को मजबूत करने के निर्देश दिए।
कार्यकर्ताओ से संवाद करने के उपरान्त बलदेव तोमर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की वैश्विक कोरोना महामारी की वजह से जो विकास कार्य लंबित पड़े है उन्हें गति प्रदान करके शीघ्र जनता को समर्पित करे। तोमर के एक दिवसीय रोनहाट प्रवास के दौरान कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहे 4 परिवारों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। तोमर ने पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्तिथि में भाजपा में शामिल हुए लोगों को फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया। कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भाजपा में कोटिबोंच पंचायत के सही राम सिंगटा, पनोंग पंचायत के पंच राम पोजटा, अजरोली पंचायत के केदार सिंह और नाया पंजोड़ पंचायत के बंसी राम शामिल हुए।
बलदेव सिंह तोमर ने रोनहाट में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अगुआई में भाजपा सरकार के अब तक के कार्यकाल को देखकर बड़ी संख्या में लोग अन्य राजनैतिक दलों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे है। बलदेव तोमर ने बताया कि बहुत जल्द प्रदेश सरकार के मंत्री और मुख्यमंत्री भी शिलाई विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे और क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण सौगाते देंगे।
तोमर ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि शिलाई विधानसभा में कांग्रेस पार्टी दो धड़ों में बटी हुई नजर आ रही है। उनके कार्यकर्त्ता भी ये तय नहीं कर पा रहे है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनका नेता कौन होगा। इसी असमंजस की स्थिति के चलते जल्द ही बड़ी संख्या में लोग भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने वाले है।
इस दौरान गंगा राम सिंगटा, हरी सिंह ठाकुर, गुमान पोजटा, मान सिंह सिंगटा, सतपाल चौहान, कँवर सिंह ठाकुर आदि दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रोनहाट में कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए 4 परिवार। बलदेव सिंह तोमर ने रोनहाट रेस्ट हाउस में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों के साथ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर की समीक्षा बैठक,कांग्रेस पार्टी में चल रही अंतर्कलह पर भी तोमर ने ली चुटकी।