ज्वालामुखी (मोनिका शर्मा): सत्य साईं बाबा के जन्म दिवस पर आज ज्वालामुखी में जिला कांगड़ा सत्य साई सेवा समिति के तत्वाधान में विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। मधुर भजनों की ताल पर नाचते गाते उनके अनुयायी नगर से गुजरे तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया व काफी समय तक उनकी धूम रही, जिससे धर्मशाला शिमला व देहरा जाने वाले सडक़ मार्ग पर यातायात भी थम गया। साईं सेवा समिति के बड़ी तादद में सदस्य यहां सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी में जुटे व अपने गुरू को समर्पित यहां भजन कीर्तन किया। उसके बाद उनका काफिला मंदिर मार्ग से होता हुआ नगर से होकर गुजरा।
इस अवसर पर बड़ी तादाद में साई भक्त साईं महिमा का गुणगान करते हुये गुजरे। वाहनों के काफिले में सुदंर झांकियों के साथ हाथों में बैनर लिये यह लोग जा रहे थे। शोभा यात्रा ज्वालामुखी से पहुंची व बाद में देहरा से सुनहेत होते हुये परागपुर तक गई। परागपुर में सरस्वती विद्या मंदिर में विशाल भजन कीर्तन का आयोजन किया गया था। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर शोभा यात्रा का स्वागत किया। सडक़ों के किनारे बड़ी तादाद में लोग झांकियों को देखने के लिये जुटे थे। झांकियों में साईं बाबा के जीवन पर प्रकाश डाला गया था।
साईं सेवा समिति के जिला अध्यक्ष शेष भूषण शर्मा ने बताया कि आज यहां तहसील देहरा के करीब दो हजार साईं भक्त शोभा यात्रा में जुटे हैं। जिनमें बड़ी तादाद में युवा हैं। उन्होंने कहा कि साईं बाबा अपने भक्तों को सच्चाई, ईमानदारी, शांति और सद्भाव जैसे जीवन तथ्यों के बारे में उपदेश देते थे। आज उनके बताये मार्ग पर हर साईं भक्त चल रहा है। व समाज के लिये उनके आर्दश आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने बताया कि साईं सेवा समिति समाज कल्याण के कई प्रकल्प चला रही है।
उन्होंने कहा कि साई बाबा का सिर्फ भारत ही नहीं अपितु पूरे विश्व में उनके असंख्य अनुयायी हैं। आम आदमी से लेकर राष्ट्रपति तक उनके भक्तों में शामिल रहे हैं। सत्य साईं बाबा का प्रभाव पूरी दुनिया में फैला हुआ है और भारत के अलावा विदेश में भी उनके लाखों भक्त हैं।