सुंदरनगर 17 अगस्त : भारत के क्रिकेट को बुलंदियों पर पहुंचाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त की शाम 7 बज कर 29 मिनट पर सन्यास की घोषणा कर अपने फैन्स को अचंभे में डाल दिया। धोनी के एकदम सन्यास लेने से जहां क्रिकेट प्रेमियों में मायूसी थी तो खेल प्रेमी भारतीय क्रिकेट को बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए महेंद्र सिंह धोनी का शुक्रिया भी अदा करते हुए नजर आए।
आज हम हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर से महेंद्र सिंह धोनी की कुछ जुड़ी हुई यादें साझा करने जा रहे हैं। कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी के सन्यास लेने की घोषणा पर उनके पूर्व में रहे मुख्य सुरक्षा अधिकारी रहे मुकेश ठाकुर भी हैरान हैं। मुकेश कहते हैं कि जिस धोनी ने उनके एक आग्रह पर सुंदरनगर में क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करवाया था, आज उन्होंने एक दम से सन्यास लेकर सभी को चौंका दिया। मंडी जिला के नलसर निवासी मुकेश पहले एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) कमांडो थे और दो साल तक धोनी के मुख्य सुरक्षा अधिकारी रहे थे। वर्तमान में बतौर टीजीटी शिक्षक मंडी जिला के शिकावरी स्कूल में सेवाएं दे रहे हैं।
वह 2013-15 तक धोनी के साथ रहे। धोनी अपने धोनी चैरिटेबल फाउंडेशन के जरिए देशभर में उभरते खिलाड़ियों के लिए टूर्नामेंट करवाते हैं और उसमें ए-क्लास सुविधाएं देते हैं। उन्होंने जब उनसे हिमाचल की क्रिकेट प्रतिभा की बात की थी तो धोनी ने तुरंत एक टूर्नामेंट हिमाचल में करवाने की बात कही और सुंदरनगर के एमएलएसएम मैदान में वर्तमान विधायक राकेश जम्वाल, क्रिकेट अंपायर अनिल गुलेरिया व कोच दिव्य प्रकाश के सहयोग से यह टूर्नामेंट हुआ और इसका खर्च धोनी ने उठाया था और सभी खिलाड़ियों को ए-क्लास सुविधा दी गई थी।
मुकेश ठाकुर महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी धोनी को हिमाचल टोपी कर चुके हैं भेंट…
मुकेश ठाकुर ने बताया कि उन्होंने 2013 से 2015 तक धोनी के साथ रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने हिमाचली संस्कृति की शान कही जाने वाली पहाड़ी टोपी महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी धोनी को भेट कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि धोनी नेक दिल इंसान हैं और ग्रामीण स्तर की प्रतिभा को उभारने के लिए ग्रामीण स्तर पर कई बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट भी करवा चुके हैं।