सुंदरनगर, 29 जुलाई: हिमाचल प्रदेश में ठगी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शातिर नए-नए तरीको से भोले भाले लोगों को लूटने में लगे हैं। ऐसा ही एक मामला मंडी जिला के सुंदरनगर में भी देखने को मिला है। जहां पर सुंदरनगर के कनैड़ क्षेत्र में एक व्यक्ति ने गाड़ी तो खरीद ली। लेकिन इंश्योरेंस पॉलिसी को अपडेट करवाते समय व्यक्ति ठगी का शिकार हो गया। इस पर व्यक्ति ने अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर मामले की शिकायत पुलिस थाना सुंदरनगर में कर दी है। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार निवासी कनैड़ ने कहा कि उसने कुछ दिन पहले (एचपी 56-8559) स्कॉर्पियो गाड़ी सरकाघाट निवासी प्रिथी पाल से खरीदी थी। इस शख्स ने यह गाड़ी जयसिंहपुर कांगड़ा निवासी विजय कुमार से खरीदी थी और इन दोनों पार्टियों के बीच आपसी लेन-देन बकाया था। इसके बाद प्रिथी ने गाड़ी उसे बेच कर 1 लाख का चेक भी दिया और आपसी सौदा होने के बाद विजय कुमार को एक लाख एक्स्ट्रा अमाउंट शिकायतकर्ता द्वारा ही दिया। वहीं प्रिथी पाल के खाते में पैसे नहीं थे,जिस कारण उसका चेक बैंक से दो बार बाउंस होने के बाद न्यायालय में केस दर्ज करवा दिया गया। प्रिथी पाल के कहने पर गाड़ी शिकायतकर्ता के नाम हो गई।
मामले में शिकायतकर्ता के होश तब उड़ गए जब उन्होंने गाड़ी की इंश्योरेंस को अपने नाम करवाने के लिए इंश्योरेंस कंपनी के कार्यालय का रूख किया। जहां शिकायतकर्ता को दी गई इंश्योरेंस पॉलिसी झूठी पाई गई। वहीं शिकायतकर्ता इसी इंश्योरेंस के आधार पर गाड़ी चलाता रहा। प्रिथी पाल द्वारा उन्हें दी गई इंश्योरेंस पॉलिसी पर एडिटिंग की गई थी। शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा इसकी जांच कर प्रिथी पाल के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। जिससे आरोपी किसी अन्य के साथ इस तरह की धोखाधड़ी को अंजाम न दे सके।
डीएसपी सुंदरनगर गुरबचन सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। जो भी आरोपी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।