नाहन: हिमाचल-हरियाणा सीमा पर रविवार देर शाम हरियाणा के भगवानपुर गांव में हिट एंड रन का खौफनाक मामला सामने आया है। अज्ञात वाहन ने एक बाईक को बुरी तरह से टक्कर मार दी। हादसे में बाईक पर सवार 2 युवको की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसा इतना भयानक था कि हादसे से संबधित फोटो व वीडिय़ो शेयर नहीं की जा सकती। मृतक युवक नाहन विकास खंड की मातर पंचायत के नलका गांव के रहने वाले थे। समूचे गांव में शोक की लहर है। शवों को जगाधरी में पोस्टमॉर्टेम के बाद परिजनों को सौंपा जायेगा।
जानकारी के अनुसार रणजीतपुर पुलिस चौकी के तहत आने वाले भगवानपुर गांव में हिमाचल से हरियाणा की तरफ जा रही एक बाईक को रात को करीब साढ़े 9 बजे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद हरियाणा पुलिस टीम मौके पर पंहुची और इस दौरान बाईक पर सवार 2 लोगों को गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि हरियाणा पुलिस मृतकों की पहचान अभी नहीं बता पाई है। परिजनों को सूचित किया गया है, जिनकी शिनाख्त के बाद ही मृतकों का पता चल सकेगा।
चौकी प्रभारी रणजीतपुर सुखविंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में 2 युवको की मौके पर ही मौत हुई है। जिनकी पहचान की जा रही है। वहीं, अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।