ऊना : पुलिस टीम ने खैर की लकड़ी के साथ दो लोगों को रंगे हाथों दबोचने में सफलता हासिल की है। गगरेट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर खैर की लकड़ी को जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गगरेट पुलिस की टीम गश्त पर थी तभी बड़ोह गांव के पास एक राइनो गाड़ी (एचपी86-0601) आती दिखाई दी। पुलिस ने जब शक के आधार पर उक्त गाड़ी को रोका तो इसे राम देव उर्फ रामू निवासी गगरेट चला रहा था और हजारा सिंह उर्फ सुक्खा निवासी पांवड़ा इसमें सवार था। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो इसमें 42 मोछे खैर की लकड़ी के पाए गए। खैर की लकड़ी का प्रयोग कत्था तैयार करने के लिए किया जाता है।
हालांकि इन दिनों क्षेत्र में स्थापित तमाम लघु कत्था उद्योगों में कत्थे का उत्पादन भी बंद है। ऐसे में खैर की लकड़ी तस्करी कर कहां ले जाई जा रही थी यह सवाल भी खड़ा है। पुलिस थाना गगरेट के प्रभारी हरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।