शिमला : कोटखाई तहसील के हिमरी में तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आगजनी में 48 कमरे राख हो गए। भयंकर अग्निकांड की इस घटना में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन लाखों की संपत्ति राख हो गई तथा यहां रह रहे चार परिवार बेघर हो गए। अभी तक आग पर काबू नहीं पाया गया है।
जानकारी अनुसार अग्निकांड की यह घटना आज शाम चार बजे के करीब पेश आई। तीन मंजिला मकान लकड़ी का बना हुआ था। एकाएक भड़की आग ने पूरे भवन को अपने आगोश में ले लिया। मकान में 48 कमरों में चार परिवार रह रहे थे। घटनास्थल तक सड़क नहीं होने के कारण दमकल वाहन नहीं पहुंच पाए। ग्रामीणों के साथ पुलिस जवान भी आग बुझाने की कवायद में जुटे हैं।
मौके पर मौजूद कोटखाई थाने के एएसआई राम सिंह ने बताया कि अग्निकांड में रोशनी देवी, दौलत राम, ज्ञान और राजेश कुमार के परिवार प्रभावित हुए हैं। आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया जा रहा है। घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।