चंबा : उप तहसील भलेई के तहत आते गांव लमणी में अग्निकांड की घटना सामने आई है। अग्निकांड में 17 वर्षीय युवती भी झुलस गई। जिसका उपचार चंबा मेडिकल कॉलेज में चल रहा हैै। मामले की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बनीखेत अग्नि शमन स्टेशन को सूचित किया। मगर गांव सड़क से दूर होने के चलते आग नहीं बुझ पाई। अग्निकांड में लाखों का नुकसान प्रारंभिक दृष्टि में आंका जा रहा है। वहीं, विभागीय टीम आकंलन करने में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को अल सुबह लमणी गांव में अचानक आग की लपटें उठी। यह मकान कमला देवी पत्नी स्वर्गीय चतर सिंह का था। आग की लपटों ने सिलेंडर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे। 17 वर्षीय युवती अपने कमरे में थी। परिजनों ने युवती को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीण आग पर काबू पाने में तो कामयाब हुए। लेकिन सामान को नहीं बचा पाए।
घटना की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार भलेई पुरुषोत्तम कुमार व पटवारी भलेई सुशील कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि नुकसान आंकलन की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जिसे प्रशासन को भेजा जाएगा। नुकसान के आधार पर ही मुआवजा प्रदान किया जाएगा।