नालागढ़: नंद पंचायत में 43 वर्षीय सीमा पत्नी स्व. सुमन की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतका की करीबी रिश्तेदार को हिरासत में ले लिया है। सुबह 8ः30 बजे के आसपास पंचायत प्रधान कमला देवी ने घटना की जानकारी रामशहर पुलिस को दी। प्रधान ने सूचित किया कि काटली गांव में महिला अपने कमरे में बेसुध हालत में पड़ी हुई है। इस हालत में मृतका को सबसे पहले उसके देवर सुखदेव ने देखा था।
थाना प्रभारी व डीएसपी रामशहर ने सुबह मौके का जायजा लिया। तब तक सीमा दम तोड़ चुकी थी। प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस ने मृतका की करीबी रिश्तेदार जमना पत्नी स्व. ध्यान सिंह को हिरासत में ले लिया। मिली जानकारी के मुताबिक दराट से गला रेत कर सीमा की हत्या की गई है। पुलिस ने दराट को बरामद कर लिया है। प्रारंभिक छानबीन में पुलिस को हत्या की वजह में यह जानकारी मिली है कि दोनों के बीच में बकरियों को चराने को लेकर विवाद रहता था। इसी के चलते घर में घुसकर आरोपी महिला ने सीमा की हत्या कर दी।
बद्दी के एसपी रोहित मालपानी ने पुष्टि करते हुए कहा कि आईपीसी की धारा-302 के तहत मामला दर्ज किया गया है।