नाहन (एमबीएम न्यूज): हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के सराहां में हिन्दू महा पंचायत शुरू हो गई है। हालांकि कार्यक्रम शुरू करने का समय सुबह 11 बजे तय किया गया था, लेकिन एक से डेढ़ घंटा देरी से महा पंचायत शुरू हुई है। विशेष तौर पर इस महापंचायत में विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सुरेंद्र जैन पहुंचे हैं।
अंतिम समाचार तक पच्छाद के स्थानीय विधायक सुरेश कश्यप के अलावा भाजपा के जिलाध्यक्ष सुखराम चौधरी द्वारा अपना संबोधन किया जा चुका था। हालांकि विश्व हिन्दू परिषद ने इस महा पंचायत को आयोजित करने का मकसद गौ तस्करी ही रखा था, लेकिन हिन्दू महा पंचायत में पशु तस्कर की मौत के मामले में एक दर्जन गिरफ्तारियों का विरोध ही मुख्य एजेंडा नजर आ रहा है। अब तक वक्ताओं ने इस मामले में पुलिस की घेराबंदी की है।
आरोप लगाया जा रहा है कि पशु तस्कर की मौत पुलिस कस्टडी में हुई थी। इस हिन्दू महा पंचायत में भाजपा के दो विधायक डॉ. राजीव बिंदल व बलदेव तोमर नहीं पहुंचे है। अलबत्ता डॉ. बिंदल के इस महापंचायत को लिखे गए पत्र को पढ़ा गया है। इस पत्र में डॉ. बिंदल ने घटना पर खेद प्रकट किया।