मंडी : भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों के पास अपने लिए भी समय नहीं। यदि आप सुबह उठकर योग की क्रियाओं को करते हैं तो उसके लिए आपको कम से कम आधा घंटा और अधिक से अधिक एक घंटे का समय निकालना पड़ता है। लेकिन अब योग का भी स्माल वर्जन आ गया है जिसे नाम दिया गया है साइबर योग। दावा किया जा रहा है मात्र तीन मिनट सुबह बिस्तर पर ही कुछ क्रियाएं करके आप अपने पूरे शरीर को चुस्त-दुरूस्त रख सकते हैं।
यह दावा जोगिंद्रनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत खद्दर के मगडोल गांव निवासी धर्म सिंह सकलानी कर रहे हैं। धर्म सिंह सकलानी बीते 18 वर्षों से योग कर और करवा रहे हैं। अधिकतर समय यह दिल्ली में रहते हैं। धर्म सिंह सकलानी का कहना है कि वह बीते 12 वर्षों से साइबर योग के माध्यम से लोगों को लाभांवित कर रहे हैं। धर्म सिंह के अनुसार सुबह उठते ही बिस्तर पर मात्र तीन मिनट कुछ साधारण सी क्रियाओं को करके आप अपने पूरे शरीर को चुस्त-दुरूस्त रख सकते हैं। धर्म सिंह रोजाना साइबर योग की इन कलाओं के बारे में अपने फेसबुक अकाउंट से लाइव भी करते हैं जिसके माध्यम से यह कई लोगों को लाभांवित कर रहे हैं।
धर्म सिंह बताते हैं कि सुबह के समय शरीर के बहुत से अंग निष्क्रिय हो चुके होते हैं। ऐसे में नाड़ी शुद्धि, प्राणायाम, भस्त्रिका प्राणायाम, कपालभाति, उद्र विकास, शक्ति, बडीप ब्रीथिंग, अग्निसार व भ्रमरी जैसे प्राणायाम अपनाने चाहियें जो शरीर की सारी कोशिकाओं को तुरंत प्रभाव से एक्टिवेट कर देते हैं। धर्म सिंह सकलानी का यह भी मानना है कि इन क्रियाओं को करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। ऐसे में कोरोना महामारी के इस दौर में लोग इन क्रियाओं को करके अपना इम्यून सिस्टम भी स्ट्रांग कर सकते हैं।