ऊना : उपमंडल बंगाणा की वोहरू पंचायत के गांव घरवासड़ा में नवजात बेटी ने दुनिया में आते ही मां को खो दिया है। इस बेटी को मां का दूध भी नसीब नहीं हो पाया। आज सुबह घरवासड़ा गांव की महिला रफीका बीवी पत्नी सोहण खान को प्रसव पीड़ा आरंभ हो गई। इस दौरान महिला ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया लेकिन स्वयं महिला की तबीयत बहुत बिगड़ गई। महिला के परिजनों द्वारा एंबुलेंस 108 को फोन द्वारा सूचित किया गया। एंबुलेंस के पहुंचने पर महिला को जिला चिकित्सालय ऊना पहुंचाया गया।
चिकित्सकों द्वारा जांच के दौरान उक्त महिला को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन द्वारा इस सब की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में बंगाणा थाना के इंस्पेक्टर मनोज कौंडल ने बताया की महिला की मृत्यु के कारणों का जांच के बाद ही पता चल पाएगा।