सुंदरनगर : क्षेत्र में भीषण अग्निकांड होने से दहशत का माहौल पैदा हो गया। हादसा उपमंडल की ग्राम पंचायत जड़ोल में सामने आया है। जानकारी के अनुसार जड़ोल पंचायत के एक मकान में घरेलू गैस का एलपीजी सिलेंडर लीक होने से आग भड़क गई। जैसे ही आग लगने का पता मकान मालिक मनी राम के बेटे मनजीत कुमार को चला तो उन्होंने तुरंत बीबीएमबी फायर स्टेशन को इसकी सूचना दी। लेकिन जब तक फायर की गाड़ी मौके पर पहुंंच पाती तो उस समय तक मकान पूरी तरह जल कर राख हो चुका था।
हादसा मनजीत कुमार पुत्र मनी राम निवासी गांव कमसेहडा (सुंदरनगर) के घर पर घटित हुआ। वहीं पीड़ित परिवार बीपीएल सूची से संबंधित है। इस संकट की घड़ी में गरीबों के सिर से आशियाना छीन गया। पीड़ित मनजीत सिंह ने कहा कि सूचना मिलने के उपरांत मौके पर पंचायत प्रधान और नायब तहसीलदार ने नुकसान का जायजा लिया। घटना की जानकारी पुलिस थाना के अंतर्गत डैहर चौकी को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि उनके पिता के द्वारा यह मकान उसके परिवार को रहने के लिए दिया गया था। पीड़ित मनजीत सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि उसे अस्थाई तौर पर रहने के लिए कुछ व्यवस्था की जाए।