नाहन : वैश्विक कोरोना वायरस के संकट के बीच पड़ोसी राज्यों में फंसे लोगों की हिमाचल वापसी शुरू हो गई है। मंगलवार को 169 लोगों को लेकर हिमाचल पथ परिवहन निगम की 7 बसें कालाअंब पहुंची। जहां इन्हें 14 दिन के लिए संस्थागत क्वारंटाइन कर दिया गया है। यह जानकारी जिला दण्डाधिकारी डॉ. आरके परूथी ने मौके पर कालाअंब पहुंच कर दी।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ गई 7 बसें बाहरी राज्यो में फंसे लोगों को लेकर चंडीगढ़ से कालाअंब पहुंची और सभी यात्रियों को बसों से उतार कर मौके पर आई मेडिकल टीम ने थर्मल स्क्रीनिंग, सेनेटाइजेशन को भी सुनिश्चित किया, जिसके बाद सभी को क्वारंटाइन कर दिया गया।
हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार चंडीगढ़ व अन्य राज्यों में शिक्षा ग्रहण और काम के लिए गए हिमाचली लोग लॉकडाउन के चलते पिछले 40 दिनों से बाहरी राज्यो में फंसे हुए थे। जिन्हें सरकार द्वारा एचआरटीसी की बसों के माध्यम से जिला में वापस लाया गया है। इसके अंतर्गत पिछले कल जिला सिरमौर से 7 बसों को चंडीगढ़ के हिमाचल भवन भेेेेजा गया था।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ से लाए जिला वासियों में शिलाई व पांवटा के लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर पांवटा साहिब में रखा गया है। नाहन व संगडाह और पच्छाद के लोगों को हिमालयन संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर कालाअंब रखा गया है।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अजय कृष्ण शर्मा, एसडीएम नाहन विवेक शर्मा तथा जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोडा, जोकि इस कार्य के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए थे, भी उपस्थित थे।