शिलाई : उपमंडल के रोनहाट क्षेत्र की जरवा पंचायत के डाहर गांव में पूर्व पंचायत प्रधान जगदीश के कब्जे से अवैध शराब की 12 बोतलें बरामद हुई हैं। महिला मंडल की प्रधान कांता देवी ने कहा कि तीन गांवों की महिलाएं एकजुटता से शराब के खिलाफ अभियान पहले से जारी रखे हुए हैं। बार-बार चेतावनी के बावजूद पूर्व प्रधान द्वारा शराब के कारोबार को अवैध तरीके से किया जा रहा था। उन्होंने यह बताया कि सूचना के तुरंत बाद ही शिलाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कर्फ्यू की वजह से शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
उधर एक अन्य जानकारी के मुताबिक पूर्व प्रधान सरकारी स्कूल के नजदीक ही करियाना की दुकान चलाता है। इसी के माध्यम से शराब बेची जाती है। महिला मंडल का कहना है कि जब वो बार-बार चेतावनी के बाद नहीं माना तो महिलाओं को ही मोर्चा संभावना पड़ा। प्रधान कांता देवी ने कहा कि शराबियों के आने-जाने की वजह से लड़कियों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। महिला मंडल डाहर, बोवावाला व सुई डाहर के सदस्यों ने पुलिस से पूर्व प्रधान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। दीगर है कि शराब को पूर्व प्रधान की पिकअप (एचपी85-0198) से बरामद किया गया है।