धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 2 मरीजों के खिलाफ अपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है। टांडा मेडिकल कॉलेज में पॉजिटिव पाई गई महिला सरला देवी के खिलाफ आईपीसी की धारा 270 के तहत मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने यह मामला सहयोग न करने पर दर्ज किया है, वहीं यह भी आरोप है कि महिला ने अपनी दुबई से वापसी की बात को भी छुपाया और विभाग को सूचित नहीं किया। धारा के तहत महिला को 2 साल की जेल भी हो सकती है।
गौरतलब है कि शाहपुर के दोबा गांव की रहने वाली महिला 17 मार्च को ही दुबई से लौटी थी, लेकिन अपनी यात्रा के बारे में प्रशासन को अवगत नहीं करवाया, फिलहाल महिला के संपर्क में जितने भी लोग आए थे उन्हें कॉरनटाईन कर दिया गया है। अंग्रेजी दैनिक द ट्रिब्यून के मुताबिक प्रशासन ने महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करने को कहा था, लेकिन सहयोग नहीं दिया, बल्कि मोबाईल भी स्विच ऑफ कर दिया। प्रशासन की कोशिश के बाद महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया था।
उधर, पुलिस ने लंज क्षेत्र के पॉजीटीव पाए गए युवक दिनेश कुमार के खिलाफ भी आईपीसी की धारा 270 के तहत मामला किया है। युवक ने घर पर कारनटाईन से इनकार किया था। युवक दुबई से लौटा था। उल्लेखनीय है कि धारा 144 के उल्लंघन पर प्रशासन ने प्रेम बस सर्विस की वोल्वो बस के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
अन्य जानकारी के मुताबिक दो मामलों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन आइसोलेशन को लेकर 5000 अतिरिक्त बेड तैयार करने पर जुटा हुआ है। उल्लेखनीय हैै कि सोलन में भी एक दंपत्ति के खिलााफ कोरोना से जुड़ी जानकारी को छुपाने का मामला दर्ज हुआ है।