मंडी : 10वीं राष्ट्रीय वोविनाम प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश वोविनाम मार्शल आर्ट की टीम ने सात कांस्य पदक जीतकर प्रतिभा का लोहा मनवाया है। युगपुरुष विवेकानंद स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स वड़ताल आनंद गुजरात में 27 से 30 जनवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 25 राज्यों के छह सौ वोविनाम मार्शल आर्ट खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रदेश वोविनाम एसोसिएशन के महासचिव जोगिंद्र सिंह आजाद ने बताया कि हिमाचल प्रदेश वोविनाम टीम में सब जूनियर वर्ग में आरव, हर्ष मालिक, अंशज ठाकुर और सीनियर वर्ग में महिला वर्ग में राशि अवस्थी तथा पुरुष वर्ग में विशाल ठाकुर ने भाग लिया।
सब जूनियर वर्ग में सिरमौर के आरव ने 28 किलोग्राम भार वर्ग तथा हर्ष मालिक ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में फुल कॉन्टैक्ट फाइट स्पर्धा में ब्रॉन्ज मैडल जीता। मंडी के अंशज ठाकुर ने थाप थु कुवेंन एकल परफॉरमेंस इवेंट में कांस्य पदक झटका। कांगड़ा से राशि अवस्थी ने 48 किलोग्राम भार वर्ग फाइट इवेंट तथा सेल्फ डिफेंस इवेंट तू वे नू में कांस्य पदक और विशाल ठाकुर ने थाप थु कुवेंन एकल परफॉरमेंस इवेंट तथा सेल्फ डिफेंस परफॉरमेंस इवेंट में कांस्य पदक जीतकर हिमाचल का नाम चमकाया। इस प्रतियोगिता में मोहम्मद जावेद ने टीम मैनेजर तथा परषोतम सिंह ने टीम कोच के रूप में और जोगिंद्र सिंह आजाद ने प्रदेश वोविनाम मार्शल आर्ट की टीम का प्रतिनिधित्व किया।
प्रदेश महासचिव जोगिंद्र सिंह आजाद ने बताया कि वोविनाम मार्शल आर्ट वियतनाम देश का आर्ट है, जोकि दुनिया के सबसे खतरनाक मार्शल आर्ट में से एक माना जाता है। वहीं, हिमाचल प्रदेश वोविनाम एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सिंह मल्होत्रा ने टीम के सभी विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में वोविनाम मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण 8 जिलों में पिछले वर्ष से शुरू किया गया है। अभी तक हिमाचल प्रदेश के वोविनाम मार्शल आर्ट के खिलाडी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 1 सिल्वर तथा 10 ब्रॉन्ज मैडल जीत चुके है। अंतरराष्ट्रीय वोविनाम प्रतियोगिता में अभी हाल ही में प्रदेश के खिलाडी परषोतम सिंह ने कंबोडिया देश में भारत देश के लिए ब्रॉन्ज मैडल जीत कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।