रिकांगपिओ: किन्नौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सांगला में 12वीं कक्षा की कला संकाय में पढने वाली दीपिका स्वीडन में होने वाली अन्तर्राष्ट्रीय युवा बाक्सिंग चैम्पियनशीप 2020 में भाग ले रही है। दीपिका हिमाचल से अकेली लडकी है, जो भारतीय टीम में शामिल होकर 06 दिवसीय प्रतियोगिता में भाग ले रही है। इससे पूर्व भी दीपिका ने वर्ष 2019 में नई दिल्ली में आयोजित अंडर-19 की राष्ट्रीय बाक्सिंग खेल प्रतियोगिता में कांस्य पदक, वर्ष 2018 में पंजाब के मौहाली में आयोजित जूनियर महिला राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया था। उन्होने वर्ष 2019 में 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय स्कूल बाक्सिंग प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक जीता था।दीपिका ने सितम्बर 2019 में प्रदेश के बिलासपुर में आयोजित राज्यस्तरीय अंडर-19 की स्कूल बाक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया था।
जिले की दो अन्य बॉक्सर खिलाडियों ने भी राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओ में पदक हासिल किए है। जिनमें विनाक्षी ने वर्ष 2019 में 21 वर्ष से कम आयु वर्ग में खेलो इण्डिया खेलो बाक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके अलावा विनाक्षी ने वर्ष 2019 में हिमाचल प्रदेश स्टेट इलाईट महिला बाक्सिंग प्रतियोगिता जो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊरनी में आयोजित की गई थी, में स्वर्ण पदक हासिल किया था।
जिले की स्नेहा ने भी स्पेन में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय बाक्सिंग युवा एवं जूनियर बाक्सिंग प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया था। स्नेहा ने हाल ही में आयोजित खेलो इण्डिया खेलो बाक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होने वर्ष 2019 में नई दिल्ली में आयोजित अंडर-19 राष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक तथा वर्ष 2018 में मौहाली में आयोजित जूनियर महिला राष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में रजत पदक तथा वर्ष 2019 में ही रौहतक में आयोजित तीसरी जूनियर महिला बाक्सिग प्रतियोगिता में कांस्य पदक और वर्ष 2019 में उतराखण्ड में आयोजित राष्ट्रीय युवा महिला बाक्सिंग प्रतियोगिता में कास्य पदक हासिल किया था। कुमारी स्नेहा ने बिलासपुर में आयोजित 19 वर्ष से कम आयु के राज्यस्तरीय स्कूली बाक्सिंग प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था ।