हमीरपुर : भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का शुक्रवार को हमीरपुर जिला मुख्यालय पर पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। सर्किट हाउस में राजीव बिंदल ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम उनके भव्य स्वागत के लिए समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं का तहे दिल से आभार जताया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने के उपरांत भी सर्वप्रथम प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं विशेषकर पूर्व मुख्यमंत्रियों एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से रूबरू हो रहे हैं।
इस कड़ी में वे आज शिमला में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से रूबरू हुए हैं, जबकि हमीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती से भी रूबरू होंगे।
इसके उपरांत खीमीराम एवं महेश्वर सिंह ठाकुर से भी जब उनसे प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कब किया जाएगा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल दिल्ली विधानसभा चुनावों के चलते प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता भी व्यस्त हैं।
आलाकमान के दिशा निर्देशों के अनुसार दिल्ली चुनावों के बाद हिमाचल प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की विधिवत घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सर्वव्यापी पार्टी बन चुकी है एवं हर कोई भाजपा का सदस्य बनने को लेकर आतुर है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि पार्टी में सब को एक साथ लेकर चलें एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं के सहयोग से प्रदेश में भाजपा को और सुदृढ़ किया जा सके। इस मौके पर जिला भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. राजीव बिंदल का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।