भुंतर : भारतीय मजदूर संघ (आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ से सम्बद्ध) की अध्यक्ष दमयंती राजपूत सहित कार्यकारिणी ने पोलियो ड्यूटी के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ता गीता देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की है। दमयंती ने कहा कि प्रदेश सरकार गीता के परिवार को बिना शर्त सरकारी नौकरी दे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ बाल विकास विभाग भी गीता के परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करे। राजपूत ने कहा कि गीता देवी ने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए समाज के लिए अपनी जान दी है।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा राम भरोसे है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटती है। जिस भी क्षेत्र में उनकी ड्यूटी लगाई जाती है वहां वो पूरी निष्ठा व ईमानदारी से काम करती है। आंगनवाड़ी संघ संबंधित भारतीय मजदूर संघ की अध्यक्षा दमयंती राजपूत ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विचार किया जाए और भविष्य को सुरक्षित किया जाए। दमयंती ने कहा कि सरकार उनकी इन मांगों को नहीं मानती है तो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सड़क पर उतरने को विवश होंगे।
गौर रहे हिमाचल के सैंज घाटी के दुर्गम क्षेत्र शाक्टी में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने जा रही एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की बर्फ में फिसलकर 300 फीट गहरी खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा 19 जनवरी रविवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। बर्फीले इलाके में महिला अपने पति की मदद से पोलियो ड्रॉप्स पिलाने जा रही थी। लेकिन पति की आंखों के सामने ही दुर्घटना में पत्नी ने दम तोड़ दिया।
न्यूली से शाक्टी गांव में बना पोलियो केंद्र महिला कार्यकर्ता के घर से 18 किलोमीटर दूर है। जहां से बर्फ में पैदल जाने को करीब 6 घंटे लगते हैं। कार्यकर्ता सुबह 6 बजे घर से निकली थी। उसने 16 किलोमीटर का सफर तय कर लिया था। मात्र दो किमी पहले हादसा हो गया और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हमेशा के लिए मौत के आगोश में समा गई। इस घटना से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। दुख की घड़ी में हिमाचल का पूरा आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ गीता के परिवार के साथ खड़ा है।
Latest
- विधानसभा सचिवालय का निर्दलीय विधायकों को नोटिस, दलबदल विरोधी कानून में मांगा जवाब
- सोलन : शॉर्ट सर्किट से गेहूं के खेत में लगी भीषण आग, किसान की जिन्दा जलने से मौत
- किन्नौर : दो माह से बंद है रोपा वेली का एकमात्र SBI एटीएम, लोग परेशान
- शिमला संसदीय क्षेत्र से दयाल प्यारी को टिकट तो मुसाफिर की घर वापसी से इंकार की ये वजह…
- नाहन : सैनवाला के युवक ने सुसराल पक्ष पर लगाए बस से उतार कर मारपीट के आरोप