शिमला : पीटरहॉफ में शनिवार को एक गरिमामयी समारोह में नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी गई। कार्यक्रम में केंद्र से पर्यवेक्षक के रूप में आए केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल की उपस्थिति में बिंदल को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में एक नई पारी शुरू करने का गौरव हासिल हुआ। जय श्रीराम के नारों के घोष के बीच उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस मौके पर सीएम जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी मंगल पांडे, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर,पूर्व अध्यक्ष सतपाल सत्ती, सांसद रामस्वरूप शर्मा सहित कैबिनेट के सदस्यों व अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने बिंदल को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर देश भर के भाजपा पदाधिकारियों के अलावा सिरमौर जिला के सैंकड़ों कार्यकर्त्ता इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए पीटरहॉफ में मौजूद रहे।