शिमला : भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव बिंदल ने हिमाचल विस अध्यक्ष पद से गुरुवार को इस्तीफा दे दिया है। दोपहर बाद सवा तीन बजे विधानसभा परिसर में उन्होंने अपना इस्तीफा विस उपाध्यक्ष हंसराज को सौंपा। इस दौरान बिंदल के सम्मान में विदाई पार्टी का भी आयोजन किया गया। विस स्पीकर के रूप में बिंदल का कार्यकाल दो साल तक रहा। वह जनवरी 2018 में विस अध्यक्ष बने थे। इस्तीफा देने के पश्चात राजीव बिंदल ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि आज वो अपने पद से विमुक्त हो गए हैं और अब विधायक के रूप में विस में कार्य करेंगे। उन्होंनेे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की नई भूमिका संबंधी पूछे सवाल के जवाब में कहा कि इस पर वह 18 जनवरी (शनिवार) को बात करेंगे।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के तेज तर्रार नेता बिंदल अब हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। शुक्रवार को वह नामांकन भरेंगे और शनिवार को उनके नाम की घोषणा कर दी जाएगी। चुनावी प्रक्रिया केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर की देखरेख में संपन्न होगी। बिंदल भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और संघ की पसंद बताए जा रहे हैं। राजीव बिंदल मौजूदा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की जगह लेंगे। सत्ती बीते साढ़े सात साल से इस पद पर काबिज हैं।
प्रदेश अध्यक्ष बनने पर 65 वर्षीय राजीव बिंदल के नेतृत्व में ही राज्य का अगला विस चुनाव लड़ा जाना है। भाजपा को सत्ता में वापिस लाने के मकसद से ही उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। बिंदल की सांगठनिक क्षमता और उनके कुशल प्रबंधन की खासियतों से केंदीय नेतृत्व ने अध्यक्ष के तौर पर उनके नाम पर मोहर लगाई है। सोलन जिले से ताल्लुक रखने वाले बिंदल लगातार 5वीं बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।
उन्होंने वर्ष 1995 में सोलन नगर परिषद से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की। वह सोलन नप के अध्यक्ष भी रहे। वर्ष 2000 में सोलन से पहली बार वह विधायक बने। वर्ष 2003 व 2007 में फिर विधायक चुने गए। वर्ष 2007-12 की पूर्व धूमल सरकार में बिंदल स्वास्थ्य मंत्री थे। वर्ष 2012 में सोलन सीट के आरक्षित होने पर उन्होंने सिरमौर के नाहन से चुनाव लड़ा और जीत के क्रम को जारी रखा।