ऊना : इंदिरा मैदान में चल रही सेना भर्ती प्रक्रिया के शारीरिक परीक्षण के आखिरी दिन भर्ती होने आए युवाओं ने जमकर हंगामा किया। भर्ती प्रक्रिया में प्रवेश न मिलने से गुस्साए युवाओं ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाइवे पर जाम लगा दिया, जिससे सफर कर रहे यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दखल देने के बाद मामला शांत हुआ। बाद में युवाओं को भर्ती के लिए प्रवेश दिया गया। भर्ती के दौरान दौड़ में धांधली का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
वहीं सेना अधिकारियों ने वीडियो मामले की जांच का दावा किया है। इंदिरा स्टेडियम में 9 जनवरी से शुरू हुई सेना भर्ती के पांचवें दिन भर्ती के लिए पहुंचे युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में एंट्री नहीं मिलने पर जमकर हंगामा किया। जेसीओ पद के लिए भर्ती होने पहुंचे हरियाणा राज्य के युवाओं ने दौड़ के लिए उन्हें कम समय देने का आरोप लगाया। जिसके बाद प्रवेश न मिलने से हिमाचल के युवाओ और कम समय मिलने के कारण हरियाणा के युवाओं ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाइवे पर जाम लगा दिया। जिसे खुलवाने में पुलिस कर्मियों को खासी मशक़्क़त करनी पड़ी लेकिन जाम नहीं खुला।
मामले की सूचना मिलते ही एडीसी अरिंदम चौधरी और एएसपी विनोद धीमान मौके पर पहुंचे। युवाओं सेना के अधिकारीयों से वार्ता की। प्रशासनिक अधिकारियों के दखल के बाद सेना अधिकारियों ने सोमवार के लिए बुलाए गए युवाओं को प्रवेश देने की बात मान ली। जिसके बाद मामला शांत हो पाया। भर्ती के लिए पहुंचे युवाओं ने कहा कि पहले चार दिन भर्ती के लिए 9 बजे तक प्रवेश दिया गया मगर आज 5 बजे ही प्रवेश बंद कर दिया गया। जिस कारण उन्हें मजबूरी में प्रदर्शन करना पड़ा।
https://youtu.be/-hvnnl9a2Js
भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल सतीश कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में प्रवेश का समय सुबह तीन बजे तक है। लेकिन उन्होंने 5 बजे के बाद प्रवेश बंद किया। उन्होंने कहा कि कुछ युवा पहले ही रिजेक्ट हो चुके है जो आज दोबारा भर्ती देखने पहुंचे है। जब उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया तो उन्होंने हंगामा किया। सेना भर्ती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भर्ती से संबंधित एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें दो युवा पहले चल रही दौड़ के दौरान आखिरी चक्कर में एंट्री करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को जमकर शेयर किया जा रहा है। युवाओं का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में धांधली हो रही है।