सराहां : हर व्यक्ति का अपना एक अलग शौंक व चाहत होती है। लेकिन बचपन से ही सभी को अच्छे शौंक रखने की हिदायत दी जाती है। लेकिन कई बार गलत शौंक इंसान के जीवन पर भारी पड़ जाते हैं। ऐसा ही मामला सराहां में सामने आया है, जहां शराब का अधिक सेवन एक व्यक्ति के जीवन पर भारी पड़ गया।
बताया जा रहा है कि मृतक हरियाणा के कालका क्षेत्र का निवासी था जो यहां अपने अन्य साथी के साथ किसी धार्मिक कार्य के चलते आया था। लेकिन पहले से ही शराब के नशे में होने के चलते लोगों ने धार्मिक कार्य में भाग लेने से मना कर दिया। जिसके बाद व्यक्ति अपने साथी के साथ आसपास के क्षेत्र में किसी जानने वाले व्यक्ति के घर पर आसरा लेने के लिए रवाना हो गया। लेकिन बीच रास्ते में उन्होंने पुन: शराब पी। जिसके बाद अधिक नशा होने के चलते वह सड़क किनारे ही लेट गया जबकि दूसरा व्यक्ति पहचान वालों के यहां जाकर सो गया।
रात को ठंड अधिक होने के चलते पहले व्यक्ति की मौत हो गई, जिसका शव सुबह लोगों ने देखा। मृतक की पहचान मनोज कुमार (35) निवासी कालका, हरियाणा के रूप में हुई है। जबकि अन्य साथी नरेश कुमार उसके साथ मौके पर आया था। डीएसपी राजगढ़ भीष्म ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।