शिमला : राजधानी में शनिवार को वीकएंड पर नए साल का पहला हिमपात हुआ। अचानक हुई इस बर्फबारी के कारण यहां पर्यटन गतिविधियां चरम पर पहुंच गई है। दोपहर बाद शहर बर्फ की सफेद चादर में लिपटा नजर आया और अंदरूनी सड़कों पर कुछ समय तक वाहनों की रफ़्तार थमी रही। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक राजधानी में साढ़े छह सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज हुई है। शिमला में यह मौसम का तीसरा हिमपात है। इससे पहले यहां 13 व 15 दिसंबर को बर्फ गिरी थी। शनिवार को दिन में हुई बर्फबारी के कारण शिमला में 7 सड़कें अवरूद्व रहीं।
बर्फबारी के बाद सड़क मार्गों पर बर्फ जमने के चलते एचआरटीसी बस सेवा बंद कर दी है। शनिवार को शाम 4 बजे के बाद अप्पर शिमला के रूटों पर बसें नहीं भेजी। वहीं इससे पहलीे कुफरी, नारकंडा में भारी बर्फबारी के चलते अप्पर शिमला के रामपुर, रोहडू, कुमारसेन आदि क्षेत्रों के लिए निगम प्रबंधन बसों के मार्ग डायर्वट कर दिए और वायं बसंतपुर होकर बसें भेजी। लेकिन रात को इन रूटों से भी बस सेवाएं बंद कर दी गई है।
मौसम के साफ होने के बाद और मार्ग पूरी तरह सुरिक्षत होने के बाद ही रात्रि बस सेवाएं बहाल की जाएगी। बर्फबारी के चलते शनिवार को शिमला-3 यूनिट के अधिक रूट तो प्रभावित नहीं हुए। लेकिन कुछ रूटों पर बर्फबारी के चलते बसें फस गई। ऐसे में 5 से 8 रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित रही। जिन्हे भी पुलिस प्रशासन की मदद से देर शाम तक बहाल कर दिया गया। एचआरटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि अप्पर शिमला में हुई ताजा बर्फबारी के बाद निगम प्रबंधन ने अप्पर शिमला के लिए रात्रि बस सुविधा बंद कर दी है। मौसम साफ होने के बाद रात्रि सुविधा बहाल की जाएगी।