चंबा : हरिपुर में अपने घर में वीरवार की रात को सो रहे साहो प्राथमिक स्कूल में तैनात अध्यापक की झुलसने से मौत हो गई है। यह हादसा वीरवार देर रात हुआ। बताया जा रहा है कि कर्म सिंह (52) निवासी पांगी की रात को रजाई में सुलगते सिगरेट से आग लग गई। इससे कर्म सिंह भी बुरी तरह झुलस गया। उन्हें परिवार वालों ने देर रात चंबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने हरिपुर में ही मकान बनाया था, जहां वह परिवार सहित रहते थे। कर्म सिंह की पत्नी ने बताया कि उनके पति सिगरेट पीते थे।
पुलिस के अनुसार वीरवार रात को उन्होंने परिवार के साथ खाना खाया और सोने के लिए अपने कमरे में चले गए। उनकी पत्नी और बेटी अलग कमरे में सो गए। देर रात को पूरा घर धुएं से भर गया। जब पत्नी और बेटी उनके कमरे में पहुंची तो देखा कि पूरा कमरा धुएं से भरा है और पति बिस्तर पर बेसुध पड़ा था। रजाई आधी जल चुकी थी और कर्म सिंह का शरीर भी आधा झुलस गया था। परिजन बेसुुध हालत में उन्हें देर रात मेडिकल कॉलेज ले आए। जहां मौजूद डॉक्टर ने जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुुर्द कर दिया गया।