कुल्लू : पर्यटन नगरी मणिकर्ण के कसोल में मोक्ष नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ है। जिसे पुलिस और रेस्क्यू दल ने नदी से बाहर निकाल लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह ले जाया जा रहा है। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि मृत युवक की पहचान सुनील कुमार पुत्र श्याम लाल ढमार आनी कुल्लू के रूप में हुई है। अब तक की छानबीन में पता चला है कि सुनील कुमार अपने दोस्तों टीटू, सन्नी और अजय के साथ 2 फरवरी को स्कूटी पर मणिकर्ण गए थे। इस दौरान वे सभी स्नान करने के लिए कसोल के पास एक प्राकृतिक स्त्रोत में नहाने के लिए गए थे। जब नहाकर वे वापिस लौट रहे थे तो सुनील गायब था।
टीटू, सन्नी और अजय ने बताया कि उन्होंने सुनील को रात दो बजे तक ढूंढा। लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। जिसके चलते उन्होंने रात को सुनील के भाई मयंक सिंह को भी इसकी सूचना दी थी। उसके बाद पुलिस को भी इसकी सूचना मिली थी।
पुलिस सूचना मिलने के बाद गुम हुए सुनील की तलाश में निकली थी। इस दौरान सुनील का शव कसोल के साथ बहती मोक्ष नदी से बरामद हुआ है। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि मामले को हर पहलु से देखा जा रहा है।