संगड़ाह : उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले गांव शियाघाटी गांव में सूबे के कद्दावर मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के नाम वाली उद्घाटन पट्टिका को तोड़े जाने का मामला सामने आया है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संगड़ाह द्वारा इस बारे थाना प्रभारी को पत्र भेजकर कार्रवाई के लिए कहा गया। पट्टिका के निर्माण स्थल से कुछ दूरी पर छोटे-छोटे टुकड़ों में मिलने से इस बात की संभावना जताई जा रही है कि पट्टिका को तोड़ा गया है। इसके इतने छोटे-छोटे टुकड़े किए गए हैं कि भाजपा नेता बलबीर चौहान के अलावा इस पर लिखा गया कोई भी अन्य नाम पढ़ा नहीं जा रहा है।
दरअसल 15 अप्रैल 2012 को शीयाघाटी कशलोग मार्ग के उदघाटन के दौरान उक्त संगमरमर का पत्थर लगाया गया था। जानकारी के अनुसार स्थानीय भाजपा नेताओं द्वारा भी शुक्रवार को उक्त मामले में संबंधित अधिकारियों से बात की गई। एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता द्वारा उक्त पट्टिका तोड़े जाने की तस्वीरें गुरुवार सांय व्हाट्सएप पर शेयर किए जाने के बाद मामला प्रकाश में आया।
मामला कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के नाम से जुड़ा होने के चलते लोक निर्माण विभाग तथा पुलिस द्वारा इस बारे तत्काल कार्रवाई अमल में लाई गई। अधिशासी अभियंता संगड़ाह रतन शर्मा ने बताया कि पट्टिका तोडऩे अथवा टूटने के मामले में पुलिस को लिखा जा चुका है तथा स्थानीय एसडीओ भी उक्त मामले में कार्रवाई कर रहे हैं।