पांवटा साहिब: रिश्वतखोरी के कथित वायरल वीडियो के मामले ने नया मोड़ लिया है। नगर परिषद की अध्यक्षा कृष्णा धीमान व उपाध्यक्ष ने अपने इस्तीफे भाजपा के संगठन को सौंप दिए हैं। हालांकि इस्तीफों को स्वीकार करने का फैसला संगठन के स्तर पर होना है, लेकिन उपाध्यक्ष नवीन शर्मा ने खुद ही पद से हटने का फैसला ले लिया है। यानि नगर परिषद के उपाध्यक्ष का पद रिक्त होना तय हो गया है।
दीगर है कि रविवार शाम से ही इस मामले में संगठन के भीतर माथापच्ची शुरू हो गई थी। वायरल वीडियो में हालांकि अध्यक्षा खुद नहीं थी, लेकिन उनके पति शशि धीमान की संलिप्तता पर सवाल उठ रहे थे। सोमवार को कांग्रेस ने भी इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए प्रदर्शन में अध्यक्षा व उपाध्यक्ष की बर्खास्तगी की मांग की थी। ताजा घटनाक्रम में पार्टी ने भी अपना रुख साफ किया है। इसके मुताबिक एक षडयंत्र के तहत वीडियो बनाया गया है। इसमें पार्टी के पदाधिकारियों को बदनाम करने की कोशिश की गई है।
संभवतः डैमेज कंट्रोल के मकसद से पार्टी ने वीडियो में कथित तौर पर संलिप्त पदाधिकारियों से इस्तीफे को लेकर अपने इरादों को भी स्पष्ट कर दिया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता ने कहा कि अध्यक्षा व उपाध्यक्ष ने संगठन को इस्तीफे सौंपे हैं। इस पर क्या निर्णय लेना है, यह संगठन का अंदरूनी अधिकार क्षेत्र है। गुप्ता ने बताया कि हालांकि संगठन ने इस्तीफों को मंजूर नहीं किया है, लेकिन उपाध्यक्ष नवीन शर्मा खुद ही पद से हट रहे हैं।
https://youtu.be/ngy-UqI3X64