मंडी : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और महाराष्ट्र कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री रजनी पाटिल का कहना है कि महाराष्ट्र में कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना के बीच गठबंधन की सरकार बनाने के लिए बात चल रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता की इच्छा के अनुसार यह वार्ता की जा रही है। क्योंकि वहां की जनता गैर भाजपा वाली सरकार चाहती है।
यह बात रजनी पाटिल ने मंडी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। बता दें कि रजनी पाटिल हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी हैं। शनिवार को वह मंडी में कांग्रेस पार्टी की तरफ से आयोजित धरना प्रदर्शन में शामिल होने यहां आई हुई थी। रजनी पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा ने पहले से ही जोड़-तोड़ शुरू करके घोड़ा बाजार चला रखा था। अभी भी वहां पर घोड़ा बाजार ही चल रहा है। आज भी वहां सरकार बनाने के लिए भाजपा विधायकों की खरीद फरोख्त की कोशिश कर रही है।
विधायकों को 25 करोड़ की ऑफर दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के सामने बेनकाब हो जाए, इस बात का कांग्रेस और अन्य दल इंतजार कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना के बीच गठबंधन की सरकार को लेकर बात चल रही है और यह बात वहां की जनता की इच्छा के अनुसार की जा रही है।