कुल्लू : कांग्रेस पार्टी ने देश में बढ़ रही महंगाई, बेरोज़गारी सहित अन्य कई मुद्दों को लेकर जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन किया। मुख्यालय स्थित आखाडा बाजार रामबाग से लेकर उपायुक्त कायार्लय तक रोष रैली निकाली गई। इस रैली में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, प्रतिपक्ष नेता मुकेश अग्निहोत्री, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर सहित कांग्रेस पार्टी के सभी फ्रंटल सगंठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार को हर मुद्दों पर खूब घेरा। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने नोटबन्दी कर काला धन तो वापिस नहीं लाया, लेकिन गरीबों को परेशानी में डाल दिया है। जीएसटी से व्यापारियों को परेशानी में डाल दिया है। मोदी ने जुमला करने का काम किया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस प्रदेश को बचाया है। भाजपा से जनता खफा हो गई है। 2022 में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इस मौके पर राज्य प्रभारी रजनी पाटिल, अध्यक्ष कुलदीप राठौर और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इन्वेस्टर मीट के बहाने प्रदेश को बाहरी लोगों के हाथों बेचने का इंतजाम किया जा रहा है।
प्रदेश में लोगों की जमीन को बाहरी लोगों को दिया जा रहा है। जिससे राज्य में बाहरी लोगों का वर्चस्व कायम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं। लेकिन चुनावों के बाद वे दूसरी बार प्रदेश का रूख कर चुके हैं। यहां के लोगों को उम्मीद थी कि मोदी प्रदेश के लिए कोई बड़ी घोषणा करेंगे। प्रदेश को विशेष औद्योगिक पैकेज दिया जाएगा। परंतु ऐसा कुछ नहीं हुआ और न ही प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रदेश के लिए विशेष पैकेज की मांग कर पाए हैं।