कांगड़ा : वीरवार को एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ। हालांकि इसे पंचरूखी का ही बताया जा रहा था, लेकिन ठोस तथ्य सामने न आने की वजह से सस्पेंस था, लेकिन अब इस सस्पेंस से पर्दा हट गया है। यह भी साबित हुआ है कि पंचरूखी के रेलवे स्टेशन के समीप मझेरणू में वीडियो बनाया गया था। दरअसल एक लड़का व लड़की इस जगह पर मौजूद थे। कुछ लड़कों ने लड़के को पीटना शुरू कर दिया, जबकि 39 साल का सुरजीत लड़की से अश्लील हरकतें करने लगा।
दिनदहाडे़ बना यह वीडियो सोशल मीडिया में सामने आ गया। हालांकि वीडियो एमबीएम न्यूज नेटवर्क को भी मिला था, लेकिन पीडि़त पक्ष को ध्यान में रखते हुए इसे अपलोड नहीं किया गया। इस समूचे घटनाक्रम में बेहद ही शर्मनाक बात है कि छोटी उम्र के लड़का-लड़की के निजी जीवन में घुसकर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया।
गनीमत इस बात की रही कि गैंगरेप जैसी वारदात नहीं हुई। बहरहाल पुलिस ने सुरजीत सिंह मिन्हास पुत्र शमशेर सिंह, संजीव कुमार पुत्र रमेश चंद व मुनीष कुमार पुत्र केवल कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पोक्सो एक्ट व छेड़छाड़ के आरोप में दर्ज किया गया है। एमबीएम न्यूज नेटवर्क को पंचरूखी ने तीन की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।