मंडी: पंजाब व हरियाणा से पराली की सप्लाई प्रदेश में करने की मांग उठाई गई है। भारतीय जीव-जंतु कल्याण बोर्ड से मनोनीत पशु कल्याण अधिकारी तथा राष्ट्रीय अवॉर्ड से सम्मानित एमएल पटयाल ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार 100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से यह पराली गौ सदनों को मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार को इस बारे में पंजाब व हरियाणा सरकारों के साथ संपर्क करके यह व्यवस्था करनी चाहिए। ताकि सारी पराली को पशुओं के चारे हेतु प्रदेश के गौ सदनों को भेज दिया जाए। पंजाब व हरियाणा के किसान पराली को न जलाएं। इस समय दिल्ली व एनसीआर में प्रदूषण एक बड़ी समस्या बना हुआ है।
गौसदनों द्वारा पराली का सही उपयोग कर प्रदूषण की मार से बचा जा सकता है। पटयाल ने बताया कि प्रदेश में गौ वंश आयोग का गठन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा किया जा चुका है। ऐसे में सरकार को गौ वंशों की सुरक्षा एवं संवर्धन के लिए यह कदम उठाने चाहिएं। ताकि गौ सदनों को 100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से पराली मिल सके। इससे किसानों की मदद भी होगी और गौ वंश को भी सस्ता चारा मिलेगा।