सोलन : सियासी लाभ या अन्य किसी स्वार्थ से परे हट कर गरीबों की मदद करना ही धर्म है। इसी भाव के साथ सर्व सांझी गुरमत प्रचार कमेटी सेवा में जुटी है। वीरवार को कमेटी के सदस्यों ने बढ़ती ठंड को देख कर जरूरतमंदो को गर्म कंबल बांटे। कमेेटी के चेयरमैन सरदार तलविंदर सिंह सबरवाल ने बताया किकंबल वितरण का पहला चरण है। पहले चरण में 40 कंबल का वितरण किया जा चुका है। कमेटी के सदस्यों का यही प्रयास है कि कंबल जरूरतमंद लोगों को ही मिले।
इसके लिए कमेटी के सदस्य शहर के सभी जगहों पर भिक्षा मांग रहे, सड़क किनारे बैठे दिव्यांग व असहाय लोगों को ढूंढ कर ये कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि यह कार्य आगामी दिनों तक चलेगा। यह कार्य जिला के सभी शहरो व कस्बों में चलाया जाएगा। बता दें कि यह कमेटी समय-समय पर सामाजिक कार्य करती रही है। इससे पूर्व भी कमेटी ने मिलकर बाढ़ पीड़ितों के लिए खाद्यान्न व वस्त्र एकत्र कर बाढ़ पीड़ितों को मुहैया करवायी थी। इसके अलावा कमेटी जरूरतमंद महिलाओं के लिए हर महीने राशन भी उपलब्ध करवा रही है।
कमेेटी के चेयरमैन सरदार तलविंदर सिंह सबरवाल ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति इस तरह के सामाजिक कार्यों में अपना योगदान देना चाहता हो तो वह कमेटी के सदस्यों से संपर्क कर सकता है। इस मौके पर अमरसिंह, तेजेन्द्र सिंह, मनमोहिंदर सिंह, जितेंदर सिंह, शामेंदेर सिंह, गुरमीत सिंह, इंद्रजीत सिंह, विक्रमजीत सिंह, पलविंदर सिंह सहित अन्य सभी मौजूद रहे।